जमशेदपुर: भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रचार- प्रसार के लिए कार्यरत संस्था स्वरांजली, दिल्ली की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर मिस्टी इन के प्रेक्षागृह में “बैठकी 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रसिद्ध संगीतज्ञ पंडित भूतनाथ डे की पुस्तक “स्वरांजली लीगेसी ऑफ बंदिश” का लोकार्पण किया गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. इस अवसर पर संगीतज्ञ मिहिर बनर्जी, अमरजीत सिंह, दीनानाथ उपाध्याय, विभा मिश्रा, सामाजिक व सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष तथा अमल संघ क्लब के अध्यक्ष सामंतों कुमार मौजूद रहे.
संस्था स्वरांजली के फाउंडर सुब्रतो डे ने बताया कि वर्ष 2000 से संस्था भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य के संरक्षण तथा युवा कलाकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है. संस्था देश के विभिन्न शहरों में संगीत कार्यक्रम और उत्सव आयोजित कर रही है.

कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन के बाद सुप्रसिद्ध सितार वादक सुब्रत डे ने सितार वादन की प्रस्तुति दी, जिसमें तबले पर पंडित अमिताभ सेन ने संगत की. यह संध्या भारतीय शास्त्रीय संगीत और संगीतशास्त्र को समर्पित रही, जहां संगीत प्रेमियों को राग और बंदिशों की परंपरा से रूबरू कराया गया.
कार्यक्रम का संचालन सुजीत राय ने किया, जबकि अंत में सुब्रतो डे ने धन्यवाद ज्ञापन किया.

