जमशेदपुर/ Afroz Mallik बिष्टुपुर स्थित हज़रत बादशाह अब्दुल रहीम शाह उर्फ चुना सह बाबा के 55वें सालाना उर्स मुबारक के मौके पर पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला.

उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंद दरगाह पहुंचे और बाबा की मजार शरीफ पर चादरपोशी कर अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. मुख्य कार्यक्रम में झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उनके साथ पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, झामुमो नेता कुणाल सारंगी, शेख बदरुद्दीन, प्रमोद लाल, कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
सभी अतिथियों का उर्स कमेटी की ओर से पगड़ी और माला पहनाकर स्वागत और सम्मान किया गया. कार्यक्रम में परंपरागत शाही संदल निकाला गया और चादरपोशी की रस्म अदा की गई. दरगाह परिसर में महफ़िल-ए-शमा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रसिद्ध कव्वालों ने सूफियाना कलाम प्रस्तुत कर समां बांध दिया. अकीदतमंद झूमते और गीतों का आनंद लेते नजर आए.
परिवहन मंत्री दीपक बिरूवा ने कहा कि चुना शाह बाबा की दरगाह आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल है. यहां हर धर्म और समाज के लोग समान श्रद्धा के साथ आते हैं, जो झारखंड की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करता है. अन्य विधायकों और नेताओं ने भी बाबा की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील की.
उर्स कमेटी के सदस्यों ने बताया कि सालाना उर्स में कुरआन ख्वानी, फातिहा, चादरपोशी, लंगर और दुआ का विशेष आयोजन किया गया. दूर-दराज से आने वाले जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए. कार्यक्रम के अंत में देश-प्रदेश में अमन, भाईचारे और खुशहाली की सामूहिक दुआ की गई. उर्स को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में उर्स कमेटी के सेक्रेटरी रतन सिंह बादशाह, अन्य सदस्य और स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा.

