जमशेदपुर: अपराध नियंत्रण को लेकर आजादनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जहां आजादनगर पुलिस द्वारा पारडीह मुख्य सड़क पर गुरुवार सुबह एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे दौड़ाकर पकड़ लिया.

पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद की गई. गिरफ्तार अपराधी की पहचान मोहम्मद फयाज आलम के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लूटपाट के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहा था.
मामले की पुष्टि करते हुए सिटी एसपी जमशेदपुर कुमार शिवाशीष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या नहीं.

