जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के थाना चौक स्थित डीबी रोड पर सोमवार शाम सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक कुख्यात अपराधी के क्षेत्र में मौजूद होने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की सूचना पुलिस को मिली.

बागबेड़ा थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण यादव को गुप्त सूचना मिली कि दीपक तिवारी उर्फ काणा एक नाश्ता दुकान में बैठा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार दीपक तिवारी रामनगर शाखा मैदान का निवासी बताया जाता है. जिला पुलिस प्रशासन ने उसकी आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पिछले माह ही उसे तड़ीपार किया था. इसके बावजूद उसके जमशेदपुर, खासकर बागबेड़ा क्षेत्र में प्रवेश करने से पुलिस सतर्क हो गई थी.
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की मंशा से क्षेत्र में आया था. बागबेड़ा बड़ौदा घाट में सुबह से ही सरस्वती पूजा विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल तैनात था. शाम करीब 8.30 बजे पुलिस जवानों ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया.
स्थानीय सूत्रों ने फायरिंग की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. दीपक उर्फ काणा के खिलाफ हत्या, अवैध शराब कारोबार, फायरिंग समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं. वर्ष 2021 में गांजा कारोबारी बबलू सिंह पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसका नाम सामने आया था.
बताया जाता है कि वह पूर्व में संजीत गिरोह से जुड़ा था और उसके शराब कारोबार का संचालन करता था. हाल के दिनों में उसने अपना अलग गिरोह बनाकर क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने की कोशिश शुरू की थी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

