जमशेदपुर (Afroj Mallick)

टाइगर जवान मोहम्मद तबरेज ने अपनी सतर्कता और सूझबूझ से एक बड़ी वारदात को रोक दिया. टाइगर जवान ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को धर दबोचा. जानकारी के अनुसार कन्हैया लाल नामक युवक को पिस्टल और दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया. बताया गया कि कन्हैया लाल उड़ीसा से बस द्वारा जमशेदपुर के मानगो बस स्टैंड पहुंचा था. वहां से वह टेल्को थाना क्षेत्र के मनीफीट टीओपी के पास पहुंचा. इसी दौरान टाइगर जवान मोहम्मद तबरेज ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. युवक की घबराहट देखकर जवान को शक हुआ और तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की गई.

टाइगर जवान तबरेज ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी कन्हैया लाल पिता गिरधारी लाल को अवैध हथियार के साथ टेल्को थाना में सौंपा. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. आरोपी का अपना मकान बर्मामाइंस के ईस्टप्लान बस्ती में है और वह अभी जेम्को बस स्टैंड के समीप किराए के मकान में रह रहा है. सूत्रों के मुताबिक आरोपी आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में जेल जा चुका है और हाल ही में पलामू जेल से जमानत पर छूटा है. वहीं जवान मोहम्मद तबरेज की बहादुरी की हर तरफ सराहना हो रही है. क्षेत्र में लोग उन्हें जांबाज सिपाही का दर्जा दे रहे हैं. उनकी सतर्कता ने एक बड़ी वारदात होने से पहले ही रोक दी.

