जमशेदपुर: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का दो दिवसीय जिला सम्मेलन रविवार को सम्पन्न हो गया. इस अवसर पर 43 सदस्यीय नई जिला कमिटी का गठन किया गया, जिसमें एक बार फिर अम्बुज ठाकुर को जिला सचिव का दायित्व सौंपा गया. अगले तीन वर्षों तक जिला संगठन की कमान उनके हाथों में रहेगी.

सम्मेलन में पूरे सिंहभूम क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. इस दौरान पार्टी ने जिले से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की और पांच प्रमुख प्रस्ताव पारित किए. इनमें जन वितरण प्रणाली में व्याप्त धांधली को रोकने, शिक्षा जगत में बढ़ते भ्रष्टाचार और बाजारीकरण पर अंकुश लगाने, महंगाई नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए आंदोलन को तेज करने और झारखंड में विस्थापन नीति को जल्द लागू करने की मांग शामिल रही. सम्मेलन के समापन पर नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के हक की लड़ाई को और सशक्त करेगी तथा क्षेत्र की समस्याओं को उठाने में अग्रणी भूमिका निभाएगी.

