जमशेदपुर: सोमवार को दो समुदायों के लोगों के बीच जमकर मारपीट हुई. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद स्थिति पर काबू पाया गया, लेकिन करीब एक घंटे तक साकची और बिष्टुपुर थाना क्षेत्र की पुलिस पूरी तरह व्यस्त रही.

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच हुए झगड़े से हुई थी. बताया गया कि ट्यूशन पढ़ने गए छात्रों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई, जिसके बाद बड़े लोग भी शामिल हो गए और मामला हिंसक रूप ले लिया. इस दौरान आक्रोशित भीड़ ने बिष्टुपुर स्थित डीसी लॉउंज सैलून में तोड़फोड़ की.

आरोप है कि बच्चों की झड़प को शांत कराने के दौरान विशेष समुदाय के कुछ लोगों ने हरवे-हथियार से हमला किया और महिलाओं के साथ भी दुर्व्यवहार किया. झड़प इतनी बढ़ गई कि साकची थाना गेट के पास भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर घायलों को अस्पताल भेजा और स्थिति को नियंत्रित किया.
अब यह सवाल उठ रहा है कि बच्चों के मामूली विवाद को आखिर किसके उकसावे पर सांप्रदायिक रूप देने की कोशिश की गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिया है. एक ओर शहर पुलिस और प्रशासन दीपावली एवं छठ महापर्व की तैयारी में व्यस्त है, वहीं दूसरी ओर कुछ उपद्रवी तत्व शहर के माहौल को अशांत करने में लगे हैं. क्या पुलिस इसका खुलासा करेगी कि आखिर इसके पीछे कौन है ?

