जमशेदपुर: उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागों के बीच समन्वय पर बल दिया गया. इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं.

इसके तहत उपायुक्त ने आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सप्ताह में एक दिन निर्धारित कर प्रत्येक प्रखंड में जनशिकायत निवारण दिवस आयोजित करने का निर्देश दिया है. वहीं अंचल अधिकारियों को भूमि संबंधी प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. कल्याण विभाग के माध्यम से सरना, मसना, कब्रिस्तान जाहेरस्थान घेराबंदी योजना, छात्रावास, अस्पताल निर्माण आदि की योजनाओं के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया. शिक्षा विभाग को शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों को गैर- शैक्षणिक गतिविधियों में न लगाने का निर्देश दिया गया है. साथ ही दुर्गम क्षेत्रों में पेयजल और सड़क सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है. सिविल सर्जन को स्कूलों में कैंप लगाकर बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की जांच करने का निर्देश दिया गया है. वहीं पशुपालन विभाग को प्रखंड और पंचायतों में उपलब्ध भवनों में अपने इकाइयों और चिकित्सकों का बेहतर उपयोग करने का निर्देश दिया गया है. श्रम विभाग को प्रवासी श्रमिकों के दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. सहिर पाल, अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

