जमशेदपुर/ Afroz Mallik देशभर में स्वच्छ भारत अभियान को लेकर लगातार कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुवार को जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में बीजेपी मंडल की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस अभियान में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सक्रिय रूप से भाग लिया.

स्वच्छता अभियान की अगुवाई भाजपा नेता नीरज सिंह ने की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम को एक जन आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और अपने आस- पास के माहौल को साफ- सुथरा बनाए रखना है.
नीरज सिंह ने बताया कि मानगो क्षेत्र में यह अभियान सिर्फ एक दिन का कार्यक्रम नहीं होगा बल्कि आने वाले दिनों में भी नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में सहयोग करें ताकि समाज में स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों सुनिश्चित हो सके.
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने मिलकर सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की. लोगों को कचरा अलग- अलग रखने, प्लास्टिक के कम उपयोग और कचरा प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया गया. अभियान में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वच्छता को अपनी आदत बनाने का संकल्प लिया.
मौके पर मौजूद भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है. इस तरह के अभियान से लोगों में स्वच्छता को लेकर मानसिकता बदलेगी और शहर को साफ-सुथरा बनाने में मदद मिलेगी.

