जमशेदपुर/ Afroz Mallik परसुडीह फ्लैट इलाके में दो साल के मासूम मोहम्मद हमजा अमीन ने अपना पहला रोजा रखकर सबको हैरान कर दिया. नन्हे रोजेदार की इस पहल से परिवार और आसपास के लोगों में खुशी का माहौल है.

मोहम्मद हमजा अमीन का जन्म 8 अप्रैल 2023 को हुआ था. उनकी माता का नाम नहीदा रियाज और पिता का नाम मोहम्मद आसिफ है. इन दिनों हमजा अपने नाना- नानी के घर परसुडीह में रह रहा है. परिवार के लोगों ने बताया कि लैलतुल कद्र की बरकत वाली रात होने के कारण हमजा देर रात तक जागता रहा और घर के अन्य सदस्यों के साथ इबादत में शामिल हुआ. इसके बाद उसने सुबह सेहरी की और सो गया.
सुबह उठने के बाद परिवार के लोगों ने उसे पानी और खाने के लिए देने की कोशिश की, लेकिन उसने कुछ भी नहीं खाया- पिया और पूरे दिन रोजा जारी रखा. जब उसके छोटे नाना शेख फरीद को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने हमजा के लिए उसकी पसंद की चीजों का विशेष इंतजाम किया.
पहला रोजा मुकम्मल होने की खुशी में हमजा को नए कपड़े पहनाए गए और फूलों की माला पहनाकर पूरे परिवार ने खुशी मनाई. इस दौरान घर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला.

