जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-1 में गुरुवार तड़के 21 वर्षीय प्रेम पासवान पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया. हमले में प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

घायल के मामा बबन पासवान ने बताया कि बुधवार देर शाम प्रेम की मां का चार्जर और नगदी चोरी हो गई थी. आरोप है कि पड़ोसी राहुल पासवान ने चोरी की थी. इस बात को लेकर प्रेम और राहुल के बीच गाली-गलौज हुई थी. इसी विवाद के प्रतिशोध में राहुल ने गुरुवार सुबह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर प्रेम पर चापड़ से हमला कर दिया.
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. गौरतलब है कि शहर में हाल के दिनों में चापड़बाजी की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है. मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है. साकची थाना पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है.

