जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नामदा बस्ती निवासी रवि कुमार की चलती कार में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. यह घटना उस समय हुई, जब कार सवार लोग पिकनिक मनाकर लौट रहे थे.

कार का नंबर JH05CH- 2014 बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चलते वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. स्थिति को भांपते हुए कार में सवार सभी लोग तुरंत वाहन से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. कुछ ही क्षणों में आग ने कार के अगले हिस्से को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया और आगे का पूरा पोर्शन जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स की दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जल चुका था.
कार मालिक रवि कुमार ने बताया कि उनके भाई और परिवार के अन्य सदस्य पिकनिक मनाने के लिए नरवा गए थे. लौटने के दौरान अचानक चलते वाहन से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में कार में आग लग गई. सौभाग्य से सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए. फिलहाल कार में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बना रहा.

