जमशेदपुर: कनफ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू) से मुलाकात कर ‘भारतीय सामान हमारा स्वाभिमान’ अभियान से अवगत कराया. कैट ने यूनियन से अपील की कि वे इस जन अभियान को जमशेदपुर में व्यापक स्वरूप देने में सहयोग करें.

प्रतिनिधियों ने कहा कि टाटा वर्कर्स यूनियन का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से पूर्व का है और इसके सदस्यों में राष्ट्रीय भावना गहराई से रची- बसी है. अभियान के तहत विदेशी सामान का बहिष्कार और भारत में निर्मित उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और देश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे.
टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी और उपाध्यक्ष डॉ. शानवाज आलम ने अभियान की सराहना करते हुए पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया. इस अवसर पर कैट प्रतिनिधियों ने डॉ. शानवाज आलम को सफल शोध कार्य और पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर बधाई दी. प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया, भरत वसानी, बी. एन. शर्मा, सत्यनारायण अग्रवाल (मुन्ना), महेश सोंथालिया, आनंद चौधरी और जिग्नेश वसानी शामिल थे.

