जमशेदपुर: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार, 3 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना हुआ. इस प्रतिनिधिमंडल में झारखंड से कैट के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुरेश सौंथालिया, कोल्हान संगठन मंत्री किशोर गोलछा और बिट्ठल अग्रवाल शामिल हैं.

सुरेश सौंथालिया ने जानकारी दी कि दिल्ली में 3 अगस्त को कैट की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई है. इसमें देश भर के सभी राज्यों के प्रमुख व्यापारी नेता भाग लेंगे. बैठक का उद्देश्य व्यापार क्षेत्र में भविष्य की चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार करना है.
इस बैठक में ऑनलाइन व्यापार, जीएसटी, आयकर, कंपनी अधिनियम जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी. इसके अलावा, 4 अगस्त को देश के नए संसद भवन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के साथ व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक निर्धारित है. इस बैठक में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए आग्रह किया जाएगा.

