जमशेदपुर/ Afroz Mallik आजाद नगर थाना क्षेत्र के चाणक्यपुरी में शुक्रवार को 24 वर्षीय स्नेहा कुमारी आग से झुलस गईं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है. प्रारंभिक उपचार एमजीएम अस्पताल में किया गया, लेकिन चिकित्सकों ने बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया.

घटना के तुरंत बाद समाजसेवी प्रभात कुमार सिंह और जीतू सिंह परमार ने स्नेहा को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञ देखभाल की आवश्यकता जताई गई. घटना की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
बताया जाता है कि स्नेहा धनबाद की रहने वाली है और पिछले कुछ वर्षों से अपने पुरुष मित्र शुभम सिंह के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी. परिचितों ने बताया कि महिला जिद्दी स्वभाव की है और पिछले कुछ दिनों से उनका उनके पुरुष मित्र के साथ विवाद चल रहा था. महिला का पुरुष मित्र शुभम सिंह शुक्रवार को किसी काम के सिलसिले में रांची गया हुआ था इस बीच महिला ने अचानक से अपने शरीर पर आग लगा ली. इस घटना ने रिश्तों को लेकर कई सवालों को जन्म दे दिया है. फिलहाल महिला की स्थिति बेहद ही नाजुक बनी हुई है.

