जमशेदपुर: बर्मामाइंस स्थित पार्किंग में ड्राइवरों से कथित तौर पर की जा रही अवैध नकद वसूली के विरोध में जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में ड्राइवर सड़क पर उतर आए. आक्रोशित ड्राइवरों ने पार्किंग गेट के बाहर जाम लगा दिया, जिससे ट्रेलर, ट्रक सहित कई मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई. अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

यूनियन अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने बताया कि बर्मामाइंस पार्किंग में मेडिकल चेकअप के नाम पर ड्राइवरों से 250 रुपये जबरन वसूले जा रहे हैं. ड्राइवरों का कहना है कि यह शुल्क पूरी तरह अवैध है और सरकार की किसी भी गाइडलाइन में इसका कोई उल्लेख नहीं है. इसके साथ ही मेडिकल जांच के दौरान आवश्यकता से अधिक खून लिए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिससे ड्राइवरों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
जयकिशोर सिंह ने कहा कि बर्मामाइंस से प्रतिदिन लगभग सात से आठ हजार ड्राइवर टाटा कंपनी के माल ढुलाई कार्य में लगे होते हैं. इन सभी से नकद वसूली की जा रही है, जो आर्थिक रूप से कमजोर चालकों पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा सिस्टम बिना किसी वैध सरकारी आदेश के संचालित किया जा रहा है और प्रशासन की अनदेखी के कारण ड्राइवरों का शोषण बढ़ता जा रहा है.
ड्राइवरों ने मांग की है कि अवैध वसूली की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह मनमानी बंद नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
