जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत डिकोस्टा रोड स्थित मैडोना कॉम्प्लेक्स के बैकुंठ अपार्टमेंट के तीसरे तल्ले पर रहने वाले प्रवीण गोयल के घर चोरों ने ताला काटकर चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने घर में घुसकर कबर्ड में रखे करीब 18 से 20 लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया.

घटना के बाद पूरे अपार्टमेंट में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया है. पड़ोसियों के अनुसार, जब चोरी की जानकारी लगी तो फ्लैट के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के सदस्य बाहर थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में भी जुटी हुई है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है.

