जमशेदपुर: शंकोसाईं थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर में रहने वाले 24 वर्षीय प्रदीप साहू की चार दिनों से चल रही गुमशुदगी अब मौत में बदल गई है. गुरुवार सुबह स्वर्णरेखा नदी के श्यामनगर छठ घाट के पास उनका शव तैरता हुआ बरामद हुआ.

सुबह जब स्थानीय लोग दैनिक कार्य के लिए घाट की ओर पहुंचे, तो नदी में एक शव दिखा. करीब जाकर पहचान की गई तो मृतक प्रदीप साहू निकले. इसके बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और तुरंत शंकोसाईं थाना पुलिस को सूचना दी गई.
शव की पहचान होते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का कहना है कि रविवार को प्रदीप अपने तीन साथियों के साथ घर से निकला था, जिनको पुलिस ने अब हिरासत में ले लिया है. परिजनों का आरोप है कि उन्हीं लोगों ने उसकी हत्या कर शव को रात में नदी में फेंक दिया. हालांकि पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

