जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना अंतर्गत छप्पन भोग के समीप शनिवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में के रोड निवासी राजकुमार की मौत के बाद रविवार को परिजनों ने टाटा मेन हॉस्पिटल में जमकर हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों ने बिष्टुपुर पुलिस पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाया है. हालांकि पुलिस कार्रवाई का भरोसा दिला रही है, लेकिन परिजन उचित मुआवजा और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं.

समाचार लिखे जाने तक टीएमएच परिसर में हंगामा जारी था. बताया जा रहा है कि मृतक राजकुमार घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था. वह ड्यूटी से लौटने के क्रम में हादसे का शिकार हुआ. घर में एक बुजुर्ग मां और नाबालिग पुत्र हैं, जिनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
इसी मांग को लेकर टाटा मेन हॉस्पिटल में जोरदार प्रदर्शन जारी है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और परिजनों को समझाने- बुझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फिलहाल माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

