जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा निवासी फिरदौस गद्दी का 8 वर्षीय पुत्र आरिश गुरुवार शाम अपहरण कर लिया गया था. सोशल मीडिया में बच्चों के अपहरण की खबर प्रकाशित होते ही अपहरणकर्ताओं ने आरिश को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के एक थाने के बाहर छोड़ दिया. स्थानीय पुलिस ने बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और जमशेदपुर पुलिस को सूचना दी.

आरिश को फिलहाल शहर लाया जा रहा है. वह नरभेराम हंसराज पब्लिक स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र है. उसके पिता फिरदौस गद्दी इलेक्ट्रिशियन हैं और परिवार में उसकी एक छोटी बहन भी है.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार शाम आरिश घर के पास खेल रहा था. शाम 6 बजे तक न लौटने पर उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की. इसी दौरान, एक निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले मजदूर ने देखा कि बच्चा एक अनजान व्यक्ति के साथ जा रहा था.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले. उसमें शाम करीब 7.45 बजे बच्चे को अपने साथ ले जाते देखा गया. इसके बाद टीम ने लगातार उसकी तलाश शुरू की. जांच में सुराग मिला कि अपहरणकर्ता गालूडीह टोल प्लाजा से होकर पश्चिम बंगाल की ओर चले गए थे.
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने और दबाव बढ़ने के बाद अपहरणकर्ताओं ने बच्चा छोड़ दिया और फरार हो गए. पुलिस ने पुष्टि की कि आरिश सकुशल है. साथ ही अपहरण में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
