जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धतकीडीह इलाके में मंगलवार रात चोरों ने आतंक मचा दिया. एक ही रात अलग- अलग स्थानों पर दो बंद घरों को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने नकदी, जेवरात और महत्वपूर्ण दस्तावेजों की चोरी कर ली. लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

पहली घटना धतकीडीह बीएच एरिया रोड नंबर- 2 की है. अरशद हुसैन अपने परिवार के साथ इलाज के लिए डॉक्टर के पास गए हुए थे. इसी दौरान चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया. चोर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात, 25 हजार रुपये नकद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज लेकर फरार हो गए. परिवार के लौटने पर टूटा ताला और बिखरा सामान देखकर चोरी का खुलासा हुआ.
दूसरी घटना धतकीडीह बीएच रोड नंबर-1 स्थित नदीम खान के क्वार्टर नंबर 80 की है. पीड़ित ड्यूटी पर गया हुआ था और उसकी पत्नी मायके गई हुई थी. घर सूना पाकर चोरों ने ताला तोड़ा और 25 हजार रुपये नकद, करीब 300 ग्राम चांदी के जेवर तथा कई सोने की अंगूठियां चोरी कर लीं.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं और रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

