जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित आस्था सिटी टाउन में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा हुआ, जहां खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से 5 वर्षीय बच्चे आदर्श कुमार की मौत हो गई. आदर्श मानगो के कुमरुम बस्ती निवासी तपन कुम्भकार का बेटा था, जो मजदूरी करने के सिलसिले में अपने बेटे के साथ आस्था सिटी टाउन आया था.

जानकारी के अनुसार, दोपहर में भोजन करने के बाद आदर्श घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान वह पास में बने खुले सेप्टिक टैंक में गिर गया. काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. इस दौरान पास में उसका चप्पल पड़ा मिला, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. जब टैंक की जांच की गई, तो मासूम आदर्श बेहोशी की हालत में मिला.

घटना के बाद परिजन उसे आनन- फानन में मर्सी अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय लोगों ने टाउनशिप प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि बिना ढक्कन के खुले सेप्टिक टैंक को हादसे का जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए. इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

