जमशेदपुर/ Afroz Mallik बर्मामाइंस क्षेत्र के कैरिज कॉलोनी आरपीएफ बैरक के समीप गोल्डन बॉयज़ क्लब की ओर से इस वर्ष श्री श्री सरस्वती पूजा का भव्य आयोजन किया गया है. आयोजन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है.

पूजा समिति की ओर से जानकारी दी गई कि इस वर्ष 11 फीट ऊंची मां सरस्वती की भव्य एवं कलात्मक प्रतिमा स्थापित की गई है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. प्रतिमा की सजावट और पंडाल की आकर्षक साज- सज्जा लोगों को अपनी ओर खींच रही है.
पूजा के दौरान विधिवत पूजा- अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया. साथ ही भक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया गया. श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पंडाल में रोशनी, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है.

आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, ज्ञान और संस्कार की देवी मां सरस्वती की आराधना के साथ सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करना बताया गया है. गोल्डन बॉयज़ क्लब के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पूजा में भाग लेने और मां सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है.

