जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा स्कूल के समीप कार की चपेट में आकर जान गंवाने वाले चार वर्षीय मासूम आरुष के परिजनों ने रविवार को न्याय की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. आक्रोशित परिजनों ने बच्चे के शव को खालसा स्कूल के ठीक बाहर सड़क पर रखकर धरना दिया.


परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे धरना स्थल से नहीं हटेंगे. जानकारी के अनुसार शनिवार को आरुष अपनी दादी के साथ अपने भाइयों को स्कूल से छुट्टी के बाद लेने के लिए खालसा स्कूल पहुंचा था. इसी दौरान स्कूल के पास सड़क किनारे खेलते समय एक अनियंत्रित कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल आरुष को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव परिजनों को सौंपा गया तो वे सीधे खालसा स्कूल के बाहर पहुंचे और गम व आक्रोश के बीच प्रदर्शन शुरू कर दिया.
परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि हादसे के बाद भी आरोपी चालक अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है. परिवार के लोगों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन और स्कूल प्रबंधन उनसे वार्ता करे तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की गई है.

