जमशेदपुर: बंगीय उत्सव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मिलनी में आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से पार्थ सारथी चटर्जी को पुनः समिति का चेयरमैन चुना गया. बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए समर्थन प्रदान किया.
पार्थ सारथी चटर्जी साउथ ईस्टर्न रेलवे के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारी रह चुके हैं. वे साउथ ईस्टर्न रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव, मोहन बागान एथलेटिक्स क्लब के सदस्य तथा स्पोर्टिंग क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. उनके कार्यकाल में सुपर डिवीजन लीग 2024 का सफल आयोजन किया गया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी.

बैठक के उपरांत बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में 1 फरवरी को आयोजित होने वाले बंगीय उत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार रथ का शुभारंभ किया गया. प्रचार रथ को कार्यकारी अध्यक्ष अपर्णा गुहा, उपाध्यक्ष शुभंकर चटर्जी, राजू दत्ता, पूरबी घोष, अरिजीत सरकार एवं महासचिव उत्तम गुहा ने संयुक्त रूप से झंडा दिखाकर रवाना किया.
यह प्रचार रथ जमशेदपुर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर बंगीय उत्सव का संदेश आम लोगों तक पहुंचाएगा. इस अवसर पर बाबूलाल चक्रवर्ती, सुभाष सिंह राय, निर्मल चंद्रा, कृष्णेंदु चटर्जी सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.

