जमशेदपुर/ Afroz Mallik बागबेड़ा थाना अंतर्गत गांधीनगर के पास बुधवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब बादल नाम के अपराधी ने पोपो मुंडा को दो गोली मारकर घायल कर दिया. घायल अवस्था में पोपो मुंडा को टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार पोपो मुंडा गांधीनगर स्थित अपने घर पर लेटा हुआ था तभी बादल नाम के युवक ने घर पर आकर फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना में पोपो मुंडा के गुप्तांग में गोली लगी. गोली चलते ही पूरे क्षेत्र में अफरा- तफरी मच गई. आनन- फानन में पोपो मुंडा को टीएमएच अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस गोलीकांड के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. घटना की जानकारी मिलते ही विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम घटनास्थल पर पहुंचे और जांच- पड़ताल में जुट गए. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है.
डीएसपी तौकीर आलम ने बताया कि घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है और पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि घायल युवक की स्थिति खतरे से बाहर है और गोली चलाने वाले युवक की पहचान कर ली गई है.

