जमशेदपुर: आजाद नगर थाना क्षेत्र में बैंक लॉकर से करीब 30 लाख रुपये के सोने की चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. आजाद नगर पुलिस ने इस मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा की चाकुलिया शाखा में तैनात क्लर्क शत्रुघन कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार आरोपी क्लर्क ने बैंक के लॉकर से सोने की चोरी की थी.

थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने सोना गायब करने की बात स्वीकार की है. हालांकि सोना बरामद नहीं हो सका है. बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक से जुड़े अन्य दस्तावेजों और प्रक्रियाओं की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी की इस घटना में और कोई व्यक्ति शामिल तो नहीं था. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

