जमशेदपुर/ Afroz Mallik आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-10 स्थित एक चिकन दुकान में बुधवार सुबह आपसी कहासुनी के बाद दो मजदूरों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया. घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.

घायल की पहचान कपाली निवासी आरिफ अंसारी (19) के रूप में हुई है. आरोपी युवक मोहम्मद फिरदौस (20) कपाली टीओपी चौक के पास का रहने वाला बताया जा रहा है. घायल आरिफ ने बताया कि सुबह से ही फिरदौस दुकान में कार्य के दौरान उससे बहस कर रहा था. विवाद टेबल में सामान रखने की बात को लेकर हुआ, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया. इसी दौरान फिरदौस ने हाथ में पकड़े चाकू से आरिफ के गले पर वार कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. स्थानीय लोगों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

