जमशेदपुर/ Afroj Mallick आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित चाणक्यपुरी दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा के सफल और शांतिपूर्ण संचालन के लिए आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार सिंह एवं मानगो ट्रैफिक थाना प्रभारी हरिऔद्य करमाली को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर समिति के सचिव प्रभात कुमार सिंह (पूर्व विधायक प्रत्याशी पश्चिम जमशेदपुर), संरक्षक सह अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह, सदस्य सुमित पांडेय, पप्पू तिवारी समेत कई अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे.

सभी ने मिलकर दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया.
समिति के सचिव प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पुलिस प्रशासन ने जिस तरह से बेहतर कानून- व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की, वह सराहनीय है. उन्होंने बताया कि पूरे पूजा के दौरान चाणक्यपुरी क्षेत्र में शांति, सौहार्द और अनुशासन का वातावरण बनाए रखने में थाना प्रभारियों की अहम भूमिका रही.
वहीं सम्मान प्राप्त करने के बाद थाना प्रभारियों ने समिति के सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि पूजा के दौरान क्षेत्र की जनता और स्वयंसेवकों के सहयोग से ही व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो पाई. उन्होंने आगे भी इसी प्रकार जनता के साथ मिलकर शांति और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया.

