जमशेदपुर: संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को साकची स्थित फैशन वर्ल्ड में आजाद समाज पार्टी द्वारा संविधान शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक पाठ से हुई. इसके बाद उपस्थित सदस्यों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने और भाईचारे को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

चंद्रशेखर भाई के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने दोहराया कि संविधान सर्वोच्च है और हर नागरिक उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएगा. वक्ताओं ने कहा कि अन्याय, भेदभाव और नफरत के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और देश संविधान के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेगा.
कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष परवेज खालिद, जिला कार्यकारी अध्यक्ष शमीम अकरम, कोल्हान भीम आर्मी 78 एकता मिशन के दिनेश गौतम, सरायकेला जिला अध्यक्ष एजाज अहमद, सरायकेला जिला प्रभारी सनत सिंह सरदार, अनश खान समेत कई सदस्य उपस्थित रहे.

