जमशेदपुर: मुंबई महानगरी में अपने शहर का नाम रोशन कर रहे हैं आदित्यपुर निवासी युवा कलाकार अजय रॉय. खज़ाना आर्टिस्ट अलाउड टैलेंट हंट 2025 (ग़ज़ल श्रेणी) में देश भर से लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. इनमें से टॉप 13 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया. अजय रॉय ने टॉप 13 में अपनी जगह बनाई है.

अजय रॉय ने बताया कि फाइनलिस्ट बनकर खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं. ऐसे दिग्गज उस्तादों के सामने गाना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए अविस्मरणीय अनुभव था. फाइनल राउंड की निर्णायक मंडली में भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा, बॉलीवुड पार्श्वगायिका रेखा भारद्वाज, प्रसिद्ध ग़ज़ल गायिका पेनाज़ मसानी और मुंबई म्यूजिक इंडस्ट्री के प्रख्यात गायक एवं कम्पोजर सुदीप बनर्जी शामिल थे.

अजय रॉय ने बताया कि मुंबई प्रवास के दौरान उन्हें भजन सम्राट अनूप जलोटा के निवास स्थान पर मिलने का अवसर भी प्राप्त हुआ. अजय रॉय ने करीम सिटी कॉलेज और को- ऑपरेटिव कॉलेज से अपनी पढ़ाई पूरी की है. वर्तमान में वे डीबीएमएस कदमा हाई स्कूल में संगीत शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं. उन्होंने ग़ज़ल गायकी की तालीम जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के संगीत शिक्षक डॉ. सनातन दीप से ली है.

