जमशेदपुर: पिछले दिनों परसुडीह थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक हृदयविदारक घटना सामने आई थी, जहां ग्वाला पाड़ा स्थित एक झोपड़ीनुमा घर से एक दिन के नवजात शिशु का शव बरामद किया गया था. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवजात शिशु के शव को समाजसेवी संस्था अंत्योदय एक अभियान को सौंप दिया गया, ताकि उसका सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार किया जा सके.
अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अंत्योदय एक अभियान के प्रमुख प्रवीण सेठी के नेतृत्व में पार्वती श्मशान घाट में पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ नवजात शिशु का अंतिम संस्कार कर उसे दफनाया गया. इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और वातावरण बेहद भावुक हो गया.
प्रवीण सेठी ने समाज से अपील की कि इस तरह की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी को जागरूक होने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि नवजात शिशु की हत्या किसी भी सभ्य समाज के लिए कलंक है और ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.

