जमशेदपुर/ Afroz Mallik आजाद नगर थाना क्षेत्र में नशाखोरी और साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने सोमवार को एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया. इस अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी चंदन कुमार ने किया. अभियान के दौरान उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा परिवारों को तोड़ता है, स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है और अपराध को बढ़ावा देता है. थाना प्रभारी ने कहा कि समाज को नशे से दूर रखने के लिए सबको मिलकर प्रयास करना होगा. उन्होंने अपील की कि यदि किसी के आसपास नशे का कारोबार, सेवन या साइबर क्राइम से जुड़ी गतिविधि हो रही हो तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें.

अभियान के दौरान युवाओं को खेलकूद और शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया गया. महिलाओं को नशे से होने वाले पारिवारिक तनाव और मानसिक परेशानी के बारे में भी जागरूक किया गया. थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि नशाखोरी से संबंधित मामलों में पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी और जरूरतमंदों को नशा मुक्ति केंद्रों से मदद दिलाई जाएगी. यह अभियान क्षेत्र में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और अपराध पर नियंत्रण पाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है.

