जमशेदपुर/ Afroz Mallik रमजान के पाक महीने के आखिरी जुमा यानी अलविदा जुम्मा की नमाज शुक्रवार को पूरे अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई. शहर के मानगो, साकची, बिस्टुपुर, धतकीडीह, जुगसलाई, कदमा, बर्मामाइंस, टेल्को, गोलमुरी, चांडिल, कपाली समेत विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी.


नमाज अदा करने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी गईं. कई जगहों पर अतिरिक्त इंतजाम किए गए थे ताकि सभी लोग आसानी से नमाज अदा कर सकें. इस मौके पर इमामों ने लोगों को इंसानियत, भाईचारा और शांति का संदेश दिया. नमाज के दौरान देश और दुनिया में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए खास दुआ मांगी गई.

मस्जिदों के आसपास प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. ट्रैफिक व्यवस्था को भी दुरुस्त रखा गया, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई. कई स्थानों पर स्वयंसेवकों ने भी व्यवस्था संभालने में अहम भूमिका निभाई.
अलविदा जुम्मा के बाद अब लोगों में ईद-उल-फितर को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. बाजारों में रौनक बढ़ गई है और लोग नए कपड़े, सेवइयां, खजूर और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी में जुटे हैं. बच्चों में भी ईद को लेकर खास उत्साह नजर आ रहा है.
बताया गया है कि 21 मार्च को पूरे जिले में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा. इस दिन सुबह ईदगाहों और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाएगी, जिसके बाद लोग एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद देंगे और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश फैलाएंगे.

