जमशेदपुर: नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026 से बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी यानी बीपीटी कोर्स शुरू करने की घोषणा की है. स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में इसे अहम पहल माना जा रहा है.

विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह कोर्स पांच वर्षों का होगा. इसमें चार वर्ष का अकादमिक अध्ययन और एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप शामिल रहेगी. झारखंड सरकार से मान्यता प्राप्त इस पाठ्यक्रम की कुल फीस पांच लाख रुपये निर्धारित की गई है.
प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का 10+2 विज्ञान संकाय से भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान विषय के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. सत्र 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में फिजियोथेरेपिस्ट की मांग तेजी से बढ़ रही है और संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व आधुनिक लैब सुविधा उपलब्ध कराएगा.
वहीं कुलसचिव नागेंद्र सिंह ने बताया कि अनुभवी संकाय और मजबूत इंटर्नशिप व्यवस्था के जरिए छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है.

