जमशेदपुर/ Rasbihari Mandal आगामी दुर्गापूजा पर्व को लेकर मानगो क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए मानगो ट्रैफिक थाना परिसर में शनिवार को विशेष बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता ट्रैफिक इंस्पेक्टर हरिउत करमाली ने की. बैठक में मानगो क्षेत्र में तैनात सभी ट्रैफिक सिपाही शामिल हुए.

बैठक का मुख्य उद्देश्य दुर्गापूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और लोगों को सुरक्षित व निर्बाध यातायात की सुविधा देना था. इंस्पेक्टर करमाली ने कहा कि पूजा के दिनों में लाखों श्रद्धालु पंडालों में पहुंचते हैं. ऐसे में सड़क पर जाम की स्थिति आम हो जाती है. इसे रोकने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाए जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस, स्कूल वाहन और सरकारी अधिकारियों के वाहनों के लिए विशेष रूट तैयार किया गया है. इन्हें छोटे पुल मार्ग से निकालने की व्यवस्था होगी ताकि इन्हें भीड़ और जाम की समस्या से न जूझना पड़े. इसके अलावा ट्रैफिक सिपाहियों को चौक- चौराहों पर सतर्क रहने और किसी भी परिस्थिति में तत्परता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में यह भी तय किया गया कि पूजा पंडालों के आसपास अनावश्यक पार्किंग और सड़क पर गाड़ियों की भीड़ पर सख्ती बरती जाएगी. पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित मार्ग की पहचान की जाएगी. साथ ही ट्रैफिक सिपाहियों को ड्यूटी के दौरान विनम्रता और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी गई.
दुर्गापूजा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान
* छोटे पुल से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा.
•साकची और गोलमुरी से आने वाले वाहनों को मानगो चौक से पहले डायवर्ट किया जाएगा.
•पूजा पंडालों के आसपास किसी भी प्रकार की पार्किंग सख्त मना रहेगी.
•श्रद्धालुओं के लिए विशेष पैदल मार्ग चिन्हित किए जाएंगे.
•आवश्यक सेवा वाले वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार रहेगा.
जनता के लिए सुझाव
•पूजा पंडालों में जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक प्रयोग करें.
•निजी वाहन से आने पर निर्धारित पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें.
•छोटे बच्चों और बुजुर्गों को भीड़भाड़ वाले समय में पंडालों से दूर रखें.
•ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक बहस से बचें.
•आपात स्थिति में तुरंत ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें.
इंस्पेक्टर करमाली ने कहा कि दुर्गापूजा शहर का सबसे बड़ा पर्व है और इसमें हर नागरिक की भागीदारी होती है. ट्रैफिक पुलिस का दायित्व है कि वे जनता की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दें. उन्होंने सभी जवानों से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें ताकि मानगो की सड़कों पर दुर्गापूजा के दौरान कोई परेशानी न हो.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
