जहानाबाद: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की नामांकन प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ चुकी है. इसी क्रम में 216-जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. अनुमंडल कार्यालय परिसर में समर्थकों का सैलाब उमड़ पड़ा. फूल- मालाओं और नारों के बीच चंद्रवंशी का जोशिला स्वागत किया गया. पूरे क्षेत्र में माहौल चुनावी रंग में रंगा दिखाई दिया.

नामांकन के बाद मीडिया से बात करते हुए चंद्रवंशी ने जहानाबाद की जनता से भावनात्मक अपील की. उन्होंने कहा, “मैं जहानाबाद की जनता से निवेदन करता हूं कि पिछली बार की गलतियों को माफ करें और इस बार मुझे अपना प्यार और समर्थन दें. मैं वादा करता हूं कि जो भी कार्य अधूरे रह गए थे, उन्हें इस बार पूरा करूंगा.”
उन्होंने बताया कि अपने पिछले कार्यकाल में राजा बाजार अंडरपास का निर्माण पूरा कराया गया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ. उन्होंने कहा कि यदि जनता ने दोबारा मौका दिया, तो एनडीए सरकार के सहयोग से अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी.
चंद्रवंशी ने कहा कि उनका संकल्प जहानाबाद को रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई दिशा देना है. उन्होंने कहा, “मेरा सपना है कि जहानाबाद का हर गांव विकास की रोशनी से जगमगाए और यहां के युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर मिलें.”
नामांकन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. पूरे कार्यक्रम में शांतिपूर्ण माहौल रहा, वहीं समर्थकों में उत्साह और जोश देखने को मिला. राजनीतिक पर्यवेक्षकों के अनुसार, चंद्रवंशी के नामांकन के साथ जहानाबाद सीट पर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है, क्योंकि वे इस क्षेत्र के अनुभवी और लोकप्रिय नेता माने जाते हैं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
