जामताड़ा/ Yogesh Kumar प्रथम वाहिनी इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) पुलिस कैंप झिलुवा में मंगलवार को सीपीसी कैंटीन भवन, परेड मैदान शेड एवं मंदिर शेड का भव्य उद्घाटन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी उपस्थित रहे. विशिष्ट अतिथि उदय शंकर सिंह, उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता भी शामिल हुए. समारोह में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग भी मौजूद रहे.

उद्घाटन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया गया. मंच का संचालन डीडी भंडारी ने किया. आईआरबी कैंप परिसर के तीन महत्वपूर्ण स्थलों – सीपीसी कैंटीन, परेड मैदान शेड और मंदिर शेड का क्रमशः अतिथियों द्वारा उद्घाटन किया गया. इस अवसर पर अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया. उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल का अवलोकन किया और पुलिस बल को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की.

इस दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि पुलिस बल राज्य की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए दिन- रात सेवा करता है. ऐसे में उनके लिए कैंटीन, विश्राम स्थल और धार्मिक स्थल जैसी सुविधाएं विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निर्माण कार्य से जवानों को न केवल मानसिक संतुलन मिलेगा बल्कि उनकी दिनचर्या भी व्यवस्थित होगी. उन्होंने घोषणा की कि आईआरबी झिलुवा कैंप में उप स्वास्थ्य केंद्र का भी निर्माण किया जाएगा.
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि उदय शंकर सिंह ने कहा कि यह कैंप जिला पुलिस और आईआरबी जवानों के लिए गौरव का केंद्र बनेगा. उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि यह कैंप भविष्य में भी जवानों के मनोबल को बढ़ाने में मदद करेगा और सड़क निर्माण जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए. पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा कि इन सुविधाओं के निर्माण से जवानों की कार्यकुशलता और मनोबल में वृद्धि होगी. उन्होंने बताया कि पुलिस कैंप में भविष्य में भी ऐसी योजनाएं जारी रहेंगी ताकि पुलिस बल को बेहतर माहौल उपलब्ध हो सके.

कार्यक्रम में आईआरबी बटालियन की महिला आरक्षियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. समारोह के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा, सुरेंद्र मंडल, सिविल सर्जन आनंद मोहन सोरेन, डीएसपी प्रमोद कुमार सिंह, विश्वनाथ सिंह, सीडीपीओ विकास लंगूरी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे.
अतिथियों ने कहा कि सीपीसी कैंटीन से जवानों को आवश्यक वस्तुएं आसानी से उपलब्ध होंगी. परेड मैदान शेड उन्हें प्रशिक्षण और कार्यक्रमों के समय सुविधा देगा. जबकि मंदिर शेड से धार्मिक आस्था का स्थान मजबूत होगा. इससे पुलिस बल के बीच सौहार्द और अनुशासन भी बढ़ेगा.

