चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड स्थित विभिन्न विद्यालयों में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया. मध्य विद्यालय बालिका सोनुआ और पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय लोजों में इस अवसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षकों ने छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व और इसके उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी. बताया गया कि प्रत्येक वर्ष 11 अक्टूबर को यह दिवस बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, समानता और सशक्तिकरण के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

शिक्षकों ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि हर बालिका को शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए ताकि वह समाज में आत्मनिर्भर बन सके. बालिका सशक्तिकरण की दिशा में मानसिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाना आवश्यक है ताकि वे अपने जीवन से संबंधित निर्णय स्वयं ले सकें. साथ ही, समाज में लिंग समानता और बालिकाओं के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर समुदाय को जागरूक किया गया.
इस मौके पर विद्यालय परिसर में वाद-विवाद प्रतियोगिता, चित्रांकन, निबंध लेखन, समूह परिचर्चा, रंगोली, नृत्य, नाटक, संगीत, खेलकूद और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया.

कार्यक्रम में शिक्षक जय किशन प्रधान, एनीलिन समद, ऑलिव भुइयां, शोभा कुमारी प्रधान, शांति कुमारी भगत, जीरेन पूर्ति, सारानिका महतो सहित पीएम श्री विद्यालय के शिक्षक अखलेश प्रधान, अरविंद प्रधान, चंपाई चंद्रशेखर डांगिल, हरिनारायण प्रधान, संतोष प्रधान, निमेश माड़ी, जॉन जनसिंह जोंको तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे. सभी ने बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को प्रेरित किया.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
