जमशेदपुर/ Varun Kumar लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राखा माइंस रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18477/18478 पुरी- योग नगरी ऋषिकेश कलिंग उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस संबंध में मंत्री द्वारा जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को पत्र भेजकर जानकारी दी गई है.

पत्र में उल्लेख है कि 11 फरवरी 2026 को सांसद द्वारा भेजे गए अनुरोध पर विचार करने के बाद यह निर्णय लिया गया है. रेल मंत्रालय के इस फैसले से राखा माइंस और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा. अब यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए टाटानगर या अन्य बड़े स्टेशनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से ओडिशा, उत्तराखंड और झारखंड के बीच यात्रा अधिक सुगम होगी. साथ ही व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ठहराव की तिथि और समय- सारिणी जल्द जारी की जाएगी. यह निर्णय क्षेत्रीय विकास और यात्री सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

