चांडिल: शनिवार को चौका थाना अंतर्गत अवैध अफीम की खेती की सूचना के संबंध में सशस्त्र सीमा बल 26 कैंप मतकमडीह के सशस्त्र बल के सहयोग से हेसाकोंचा पंचायत अंतर्गत ग्राम मुटुदा के आसपास जंगली एवं पहाड़ी क्षेत्रों में खेतों का भौतिक और ड्रोन के माध्यम से सत्यापन किया गया.

सत्यापन के दौरान पाया गया कि कुछ खेतों में सरसों, मटर, आलू और चना की खेती की जा रही है, जबकि अधिकांश भूमि पर किसी प्रकार की खेती नहीं पाई गई. जांच के दौरान अफीम की खेती से संबंधित कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला.

इस दौरान ग्राम थाना प्रभारी सोनू कुमार द्वारा मुटुदा के ग्रामीणों को अफीम की खेती नहीं करने के लिए जागरूक किया गया. साथ ही किसानों के बीच चना, गेहूं, सरसों और मटर के बीज का वितरण किया गया. प्रशासन ने ग्रामीणों से वैध खेती अपनाने और कानून का पालन करने की अपील की है.


