जामताड़ा/ Manish Baranwal ऑपरेशन सतर्क के तहत जामताड़ा आरपीएफ थाना अंतर्गत आरपीएफ आउट पोस्ट चित्तरंजन की टीम ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन से विदेशी शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरपीएफ के एएसआई पलाश कुमार मोदक, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र यादव और कांस्टेबल ए. के. यादव गश्त पर थे. इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या 02/03 के बीच एक व्यक्ति बैकपैक और काले पॉलिथीन बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में खड़ा मिला. पूछताछ में उसने अपना नाम अर्जुन कुमार, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड संख्या 31, जागीर मोहल्ला, बेगूसराय, बिहार बताया. उसने कहा कि वह चित्तरंजन से बेगूसराय जाने के लिए स्टेशन आया है.

संदेह के आधार पर आरपीएफ ने उसके बैग की तलाशी ली. तलाशी के दौरान 02 बोतल रॉयल स्टैग सुपीरियर ग्रेन व्हिस्की 750 एमएल, 02 बोतल इंपीरियल ब्लू सुपीरियर ग्रेन व्हिस्की 750 एमएल, 02 बोतल मैजिक मोमेंट्स पिंक 750 एमएल, 01 बोतल मैजिक मोमेंट्स ऑरेंज 750 एमएल तथा 16 बोतल ऑफिसर्स चॉइस एलीट व्हिस्की 180 एमएल बरामद की गई. बरामद शराब की कुल कीमत 7,620 रुपये आंकी गई है.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को बिहार राज्य में बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था. इसके बाद आरपीएफ ने गवाहों की उपस्थिति में शराब को विधिवत जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया. कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को जब्त शराब एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ अग्रेतर कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग जामताड़ा को सौंप दिया गया है.
