चांडिल: अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अवैध वसूली को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया. जानकारी के अनुसार डुमटांड़ मोड़ पर बालू लदे वाहनों को रोककर जबरन वसूली कर रहे JLKM नेता तरुण महतो और उसके समर्थकों ने विरोध करने पर वाहन चालकों के साथ जमकर मारपीट की. स्थिति तब और बिगड़ गई जब इसकी सूचना पाकर ईचागढ़ थाना प्रभारी विक्रमादित्य पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. समर्थकों का गुस्सा इस कदर बढ़ा हुआ था कि उन्होंने पुलिस टीम पर भी हमला बोल दिया. बीच बचाव के दौरान आरक्षी नरेश यादव और चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

सूत्र बताते हैं कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. घटना के बाद मौके से दो गाड़ियां बरामद की गई हैं जिनसे JLKM पार्टी के झंडे, बैनर और शराब की बोतलें मिली हैं. पुलिस ने तरुण महतो को हिरासत में ले लिया है और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है.
घटना के बाद ईचागढ़ थाना में सुरक्षा सख्त कर दी गई है. थाना गेट पर ताला लगा दिया गया है और आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है. उधर, तरुण महतो के समर्थक थाने के बाहर जमा होकर विरोध कर रहे हैं.

