चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल में आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को ईचागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी बजरंग महतो ने की.

बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, शांति समिति के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
थाना प्रभारी ने कहा कि सरस्वती पूजा सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का पर्व है, इसलिए सभी वर्गों की सहभागिता और सहयोग आवश्यक है. उन्होंने निर्देश दिया कि पूजा के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियंत्रित ध्वनि स्तर पर किया जाए, ताकि आम नागरिकों को असुविधा न हो. रात 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार के तेज आवाज वाले बाजा या डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि हुड़दंग, अनियंत्रित एवं तेज गति से बाइक चलाने, साइलेंसर हटाकर या मोडिफाइड साइलेंसर के साथ वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी एवं तालाबों के समीप विशेष निगरानी रखने की अपील भी की गई.
बैठक में मुखिया बिपिन सिंह मुंडा, गंगामनी देवी, राम सिंह मुंडा, ठाकुर दास महतो, विश्वनाथ उरांव, अनिल सिन्हा, अमित सिन्हा, पंचानन पातर, छुटु घोष, अमुल्य प्रामाणिक, मुरलीधर मिश्रा, रायुफ अंसारी, कार्तिक सिंह मुंडा, तापस दत्ता एवं संतोष सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

