चांडिल/ Vikash Thakur सरायकेला- खरसावां जिले में अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने को लेकर पुलिस द्वारा प्री कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में गुरुवार को ईचागढ़ थाना क्षेत्र के अफीम प्रभावित इलाकों में निगरानी के साथ- साथ किसानों को जागरूक किया जा रहा है.

पुलिस द्वारा पिछले फसलीय वर्ष में अफीम की अवैध खेती वाले क्षेत्रों का सत्यापन किया गया, जिसमें पाया गया कि कई किसानों ने अब अफीम की खेती छोड़कर वैकल्पिक फसलों की तैयारी शुरू कर दी है. किसानों को वैकल्पिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 18 दिसंबर 2025 को ईचागढ़ थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में सीतु पंचायत के कुटाम गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया.
इस दौरान किसानों के बीच लगभग 250 किलोग्राम चना, सरसों एवं गेहूं के उच्च गुणवत्ता वाले बीज का वितरण किया गया, जिससे 40 से 50 किसान परिवार लाभान्वित हुए. पुलिस ने किसानों से अपील की कि वे अफीम की अवैध खेती से दूर रहते हुए वैकल्पिक कृषि अपनाएं और जिले को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें.

