रांची: ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने शुक्रवार को चांडिल डैम में 180 मीटर से नीचे जल भंडारण को लेकर रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन से मुलाकात की. इस दौरान विधायक ने मंत्री को एक मांग पत्र सौंपा.

विधायक सविता महतो ने मांग पत्र के माध्यम से चांडिल बांध निर्माण से विस्थापित हुए कुल 116 गांव को पुनर्वास सुविधा और जल भंडारण की क्षमता 180 मीटर से नीचे रखने की मांग की है. उन्होंने बांध के जल भंडारण की क्षमता आरएल मीटर की बाध्यता को समाप्त कर आवंटन उपलब्ध कराने की भी मांग की है. विधायक सविता महतो ने कहा कि चांडिल बांध निर्माण से विस्थापित हुए लोगों को तीन दशकों से ज्यादा समय अवधि के बाद भी संपूर्ण पुनर्वास की देय सुविधा नहीं मिल पाई है. मानसून के दौरान बांध के जल भंडारण क्षमता आरएल मीटर की वैद्यता से भी प्रत्येक वर्ष चांडिल के प्राय गांव बाढ़ के कारण टापू बन जाते हैं. विधायक सविता महतो ने कहा कि उन्होंने कई बार सदन के माध्यम से और सरकार के स्तर से भी विस्थापितों की समस्या के निराकरण हेतु प्रयास किया है. लेकिन आज तक विस्थापितों को संपूर्ण पुनर्वास का लाभ नहीं मिल पाना हृदय विदारक है. इसकी जानकारी विधायक के आप्त सचिव क़ाबलू महतो ने दी.

