चांडिल/ Bikash Thakur आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो मंगलवार को कुकड़ू प्रखंड के ईचाडीह गांव पहुंचे और 23 दिसंबर 2009 को विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान राजनीतिक रंजिश में मारे गए कालीपदो कुमार, डॉ. धनंजय कुमार, चित्तरंजन कुमार और बांदावीर निवासी रामप्रसाद महतो के परिजनों से मुलाकात की.

इस अवसर पर दिवंगतों की 16वीं पुण्यतिथि पर उनकी बेदी पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. हरेलाल महतो ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विचारों की भिन्नता स्वाभाविक है, लेकिन मतभेद के कारण हिंसा या मनभेद नहीं होना चाहिए. उन्होंने ईचागढ़वासियों से अपील की कि किसी भी नेता या राजनीतिक दल के मतभेद के कारण आपसी सौहार्द बिगाड़ना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि पार्टी अलग-अलग हो सकती है, लेकिन साझा लक्ष्य ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास और क्षेत्र की खुशहाली होना चाहिए.
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को एकजुट होकर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा. कार्यक्रम में ईचाडीह के ग्राम प्रधान रघुबर कुमार, आजसू पार्टी के कुकड़ू प्रखंड अध्यक्ष अरुण महतो, डॉ. मनोज कुमार, वार्ड सदस्य सानू कुमार, बबलू महतो, सुनील महतो, मनोज कुमार, विष्णु कुमार, शरत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

