ईचागढ़: प्रखंड क्षेत्र का कांकीटांड़ गांव तीन पंचायतों के बीच स्थित है, लेकिन प्रशासनिक रूप से यह सोड़ो पंचायत के अंतर्गत आता है. यहां के ग्रामीणों को आज तक सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाया है.

ग्रामीणों की परेशानी इतनी अधिक है कि यदि किसी मरीज को अस्पताल ले जाना होता है, तो उसे डोली के सहारे सिल्ली- रांगामाटी मुख्य सड़क स्थित मिलन चौक तक पहुंचाना पड़ता है. गांव में आने- जाने का पक्का रास्ता अब तक नहीं बना है.
बिजली समस्या ने ग्रामीणों की मुश्किल और बढ़ा दी है. गांव में लगा एकमात्र ट्रांसफार्मर एक महीने से खराब पड़ा है. कई बार बिजली मित्र को बुलाया गया, लेकिन वे केवल फोटो लेकर चले जाते हैं. वहीं विभागीय एसडीओ से संपर्क करने पर भी फोन रिसीव नहीं किया गया. ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति विभाग की यह लापरवाही उनकी जिंदगी को अंधेरे में धकेल रही है.

