रांची: षष्ठम झारखंड विधानसभा के पंचम बजट सत्र के दौरान सविता महतो के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने हेमंत सोरेन को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे. ज्ञापन में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में लंबे समय से खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की गई, ताकि ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिल सके.


इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने चांडिल में बनकर तैयार अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द शुरू कराने की मांग रखी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
साथ ही चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क का निर्माण कार्य एक वर्ष से लंबित रहने पर चिंता जताई गई. प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह सड़क जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, ऐसे में निर्माण कार्य में देरी से आमजन को काफी परेशानी हो रही है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
इस मौके पर काबलू महतो, कृष्णा किशोर महतो, विश्वनाथ गोप, समर भुईयां, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, शंकर लायेक, संजय महतो, स्नेहा महतो, अभय यादव, मिलन तंतुवाई और मधु गोप समेत बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.

