चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के देवलटांड़ गांव स्थित गोपाल तालाब से गुरुवार को करीब 50 वर्षीय एक अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान बासाहातु टोला रोगली निवासी नर्सिंग पातर के रूप में हुई है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बजरंग महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया. इसके बाद परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई गई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
थाना प्रभारी के अनुसार मृतक होटल आदि में काम कर जीवन- यापन करता था. बताया गया कि उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं रहती थी और वह परिवार से अलग अकेले रहता था. उसका कोई बाल-बच्चा भी नहीं है.
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति दो से चार दिन पहले तालाब में डूबा होगा. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है.

